Wednesday, May 3, 2017

, ,

जापान: चेरी ब्लॉसम का अद्भुत आकर्षण

cherry blosson japan
'उगते हुए सूर्य' की धरती जापान की परंपराओं में जादुई चेरी ब्लॉसम एक खास स्थान रखता है। माना जाता है कि वसंत के मौसम में चेरी ब्लॉसम ट्री को देखना आपने आप में वाकई एक अद्भुत अनुभव होता है, क्योकिं इस मौसम में चेरी ब्लॉसम के फूल अपने पुरे शबाब पर होते हैं...
जापान में वसंत का मौसम पर्यटकों के लिए बेहद खास होता है, क्योकिं यहां मार्च-अप्रैल के महीने में हर तरफ 'चेरी ब्लॉसम' का खास आकर्षण होता है। 'चेरी ब्लॉसम' को जापान में 'सकुरा' के नाम से भी जाना जाता है। यह जापान का राष्ट्रीय फूल है और इसे खिलते हुए देखना अपने आप में वाकई यादगार अनुभव है। यहां के लोग इस एक त्यौहार के रूप में सेलिब्रेट करते हैं, जिसे 'हनमी त्यौहार' कहा जाता है। इस फूल को आशा का प्रतीक भी माना जाता है। हर साल यह वसंत के आगमन की सुचना देता है। यह फूल मार्च से अप्रैल के मध्य में खिलता है। जब चेरी ब्लॉसम फूल खिलने लगे, तो समझ लीजिए की वसंत आ गया है। ऐसे में यहां के लोग अपनी ख़ुशी को व्यक्त करने के लिए इस त्यौहार को धूमधाम से मनाते हैं।

गोल्डन पैवेलियन
जापान में चेरी ब्लॉसम देखने के लिए कई सुंदर स्थल हैं, जहां पर इस सीजन में पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है। इन्हीं में से एक प्रमुख स्थल है, राजधानी क्योटो स्थित किंकाकु-जी, जिसे गोल्डन पैवेलियन भी कहा जाता है। यहां आकर चेरी ब्लॉसम को देखना एक सुखद एहसास देता है। हर साल बड़ी संख्या में दर्शक यहां खींचे चले आते हैं। सिर्फ क्योटो ही नहीं, बल्कि उसके अलावा कई ऐसे दर्शनीय स्थल हैं, जहां पर ये फूल बहुतायत में पाए जाते हैं। यहां घूमने-फिरने व जापान की संस्कृति से रूबरू होने के अलावा पर्यटक इस खूबसूरत घटना के गवाह भी बनते हैं। वैसे आप जापान की राजधानी टोक्यो से चेरी ब्लॉसम ट्री देखने जा रहे हैं, तो 26 मार्च से 11 अप्रैल के बीच जाना सही होगा।

युनो पार्क
टोक्यो के बाद आप युनो पार्क जा सकते हैं। यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है। यहां करीब 8800 प्रजातियों के पेड़ लगे हुए हैं, जिनमें चेरी ब्लॉसम ट्री भी शामिल हैं। इन्हें देखने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। यहां आकर आप युनो जू, टोक्यो नेशनल म्यूजियम और नेशनल म्यूजियम ऑफ़ नेचर एंड साइंस आदि भी देख सकते हैं।

नारा
यदि आप जापान जाएं तो नारा जरूर जाएं। यहां चेरी ब्लॉसम देखने के लिए सबसे सही समय 28 मार्च से 11 अप्रैल के बीच का है। यह जापान का सबसे पुराना इलाका है। यहां आपको सबसे ज्यादा यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज जगहें देखने को मिलेंगी।

अद्भुत है नारा पार्क
यह चेरी ब्लॉसम देखने के लिए बेहतरीन पार्क है। यहां पर आपको बड़ी संख्या में हिरण भी देखने को मिलेंगे। ये हिरण पर्यटकों के बीच खासे लोकप्रिय हैं जो इन्हें कुछ न कुछ खिलते रहते हैं। चेरी ब्लॉसम के सीजन में पार्क में जाने वाले लोग सकुरा ट्री के साथ इन हिरणों के बीच भी अपना समय गुजार सकते हैं। बड़ों की बात छोड़िए, यह नजारा बच्चों के लिए भी बेहद खास होता है और वे इन हिरणों के बीच मस्ती करते हुए काफी अच्छा समय गुजारते हैं।

हनामी महोत्सव
japan hanami festival
जपना में हनामी त्यौहार धूमधाम से मनाया जाता है। इस त्यौहार को मनाने के लिए कई तरह के पकवान और राइस वाइन तैयार की जाती है। चेरी ब्लॉसम सीजन के दौरान पार्कों में बहार आ जाती है और ये फूलों के साथ लोगों से भी गुलजार रहते हैं। हनामी जापान का मशहूर और काफी पुराना त्यौहार है। माना जाता है कि तीन शताब्दियों से यह इसी तरह से मनाया जा रहा है, तो इसे योजकुरा के नाम से जाना जाता है, जिसका मतलब नाइट सकुरा होता है। इस मौके पर कागज की लालटेन बनाई जाती है और उन्हें रोशनी के लिए पेड़ों पर टांग दिया जाता है। जापान के लोग चेरी ब्लॉसम के इतने शौकीन होते हैं कि वे इसे अपनी आइसक्रीम तक में डालते हैं। इसके अलावा, विभिन्न एडवरटाइजिंग कैंपेन में भी इनका इस्तेमाल किया जाता है। इतना सब होने के बावजूद भी आपको यह जानकर काफी आशचर्य होगा कि 'चेरी ब्लॉसम कैपिटल ऑफ़ द वर्ल्ड' का दर्जा जापान के किसी शहर को हासिल नहीं है, बल्कि यह टाइटल जॉर्जिया (युएसए) के मैकन के नाम है, जहां पर सकुरा पेड़ों की संख्या तीन लाख के करीब हैं।

एक हफ्ते का मौसम
चेरी ब्लॉसम की शुरआत मार्च के मध्य से शुरू होती है और अप्रैल तक क्योटो और टोक्यो तक पहुंच जाती है। यह फूल सिर्फ एक हफ्ते तक खिलता है। ऐसे में यदि आप भी इसे देखना चाहते हैं और इस आकर्षक मौके का गवाह बनना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको उसी के अनुसार प्लानिंग करके जाना चाहिए।
ऐसा होने पर न सिर्फ आपको जापान घूमने का मौका मिलेगा, बल्कि आपको वहां के खूबसूरत चेरी ब्लॉसम को देखने का सपना भी पूरा हो जाएगा, जिसके लिए वसंत का मौसम काफी अनुकूल होता है।

200 से ज्यादा है वैरायटी
जापान में 200 से ज्यादा वैरायटी के चेरी ब्लॉसम देखने को मिलते है, जिसमें सोमई योशीनो सबसे ज्यादा लोकप्रिय है। यह सफेद रंग का फूल होता है और इसमें थोड़ा हिस्सा गुलाबी रंग का होता है। यह आमतौर पर एक हफ्ते से ज्यादा समय तक नहीं रहता है। यह हमें बताता है की जीवन क्षणभंगुर है। ऐसे में फूलों की खूबसूरती के साथ यह लोगों को एक तरह से संदेश भी देता है। 
Share:

0 comments:

Post a Comment